भास्कर न्यूज | जालंधर मकसूदां क्षेत्र के गांव नूरपुर में वीरवार को हुए सनसनीखेज घटनाक्रम में खुद को आग लगाने वाले 70 फीसदी झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान ढन्न मोहल्ला निवासी संदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले में जो केस दर्ज किया गया था, वह मृतक संदीप के खिलाफ ही दर्ज हुआ था, क्योंकि उसके पास खुद को आग लगाने और हमला करने की पूरी वीडियो फुटेज मौजूद है। थाना मकसूदां के एक एएसआई केवल सिंह ने बताया कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग पुलिस के कब्जे में है, जिसमें संदीप को पहले खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालते और फिर घर में घुसकर तेजधार हथियार से हमला करते देखा जा सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जा रही है। गौरतलब है कि वीरवार को संदीप अपनी ससुराल गांव नूरपुर पहुंचा था। बताया जाता है कि उसकी पत्नी सुखमनी कुछ दिन पहले घरेलू विवाद के चलते मायके आ गई थी। इसी रंजिश के चलते संदीप ने कथित तौर पर पहले खुद पर तेल छिड़का और फिर घर में घुसकर रिश्तेदार धर्मपाल पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पत्नी और बेटी को भी आग लगा दी। पत्नी ने खतरा भांपते हुए खुद को बाथरूम में बंद कर जान बचाई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया।


