लुधियाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से 8 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से हेरोइन समेत अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। सभी तस्करों से करीब 600 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी मार्किट वैल्यू साढ़े तीन करोड़ रुपए से अधिक बताई जाती है। डीसीपी सिटी शुभम अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए तस्कर लंबे समय से नशे का धंधा कर रहे थे। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नाकाबंदी कर इन्हें पकड़ा है। गिरफ्तार किए गए तस्करों में सतनाम सिंह उर्फ पम्मा, हरसिमरनजीत सिंह, कवलजोत सिंह, हरविंदर सिंह उर्फ गोगा और मनप्रीत सिंह उर्फ मणि शामिल हैं। डीसीपी ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी को भी नशे का कारोबार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


