भास्कर न्यूज | पटना रामपुर निवासी रविन्द्र दुबे पर 13 लोगों ने हमला किया। आरोपियों ने पेट्रोल भरवाने जा रहे रविन्द्र को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। इस दौरान युवक मौके पर ही बेहोश हो गया। हमलावर उसे मरा समझकर भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसके पिता प्रकाश चंद्र दुबे को सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि रविन्द्र के सिर से खून बह रहा था और वह खून की उल्टियां भी कर रहा था। युवक के पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया। युवक की हालत गंभीर होता देख डॉक्टर्स ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। पुलिस ने बताया कि रविन्द्र के शरीर पर लाठी-डंडों के दर्जनों निशान मिले। वह पटना के हीरो शोरूम में काम करता था और घटना के समय ड्यूटी से लौट रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि प्रवीण रजक, विशाल यादव, सूरज यादव, सोनू रजक, राकेश रजक, मोटू रजक, विक्की रजक, अरविन्द रजक, अरूण सिंह, भोलू यादव, पप्पू दास, अक्की यादव और छोटा सिंह ने हमला किया। पुलिस ने इन 13 आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2), 190, 191(2), 191(3), 296, 351(2) के तहत मामला दर्ज किया। इनमें से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया, बाकी फरार हैं। गांव में चोरी की घटनाएं बढ़ने से लोग रात में पहरा दे रहे थे। दो दिन पहले विकास रजक उर्फ विक्की स्कूटी से रामपुर गया था। ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और जमकर पीटा। इस घटना में रविन्द्र भी शामिल था। कुछ लड़कों ने उसे पहचान लिया और बदला लेने के लिए हमला कर दिया। मारपीट के बाद रामपुर के कुछ ग्रामीणों ने समझौते के लिए प्रीतम रजक को फोन भी किया था।


