डोमचांच| जीएस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सीपीएस ओलिंपियाड में शानदार प्रदर्शन किया। पहले चरण की इस प्रतियोगिता में 104 बच्चों ने भाग लिया। इनमें 39 बच्चों ने गोल्ड, 19 ने सिल्वर और 10 ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। सफल छात्रों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बच्चों को प्रमाण पत्र देकर बधाई दी। उन्होंने छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के निदेशक नितेश कुमार ने प्रतियोगिताओं के आयोजन की सराहना की और बच्चों को शुभकामनाएं दीं। कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाती हैं और पढ़ाई में रुचि जगाती हैं। कोडरमा| इग्नू में जनवरी 2025 शैक्षणिक सत्र के लिए नामांकन और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 मार्च 2025 तक बढ़ा दी गई है। इच्छुक छात्र स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा और डिप्लोमा कोर्स में ऑनलाइन और ओडीएल मोड में नामांकन ले सकते हैं। यह जानकारी जेजे कॉलेज में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. निकहत परवीन ने दी। उन्होंने बताया कि इग्नू के छात्र वेबसाइट पर ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं। पहले से नामांकित छात्र भी 15 मार्च तक पुनः पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन नामांकन के दौरान जो छात्र डिजिटल अध्ययन सामग्री का विकल्प चुनेंगे, उन्हें कार्यक्रम शुल्क पर 15% की छूट मिलेगी।


