जामताड़ा | जीतपुर गांव के जाहेर थाना में बाहा पूजा धूमधाम से मनाई गई। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व बाबा सोनालाल हांसदा, मांझी हाडाम और जोगमाझी मुखिया देवीसन हांसदा ने किया। समारोह की शुरुआत गांव के वरिष्ठ लोगों और पंचायत प्रमुखों के स्वागत कर की गई। बाबा सोनालाल हांसदा ने उद्घाटन करते हुए कहा कि बाहा पूजा सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पर्व से आत्मिक उन्नति, पारंपरिक ज्ञान का संरक्षण और आपसी सद्भाव का संदेश मिलता है। पूरे आयोजन में पारंपरिक भजन, कीर्तन और नृत्य के कार्यक्रम हुए। इससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बना। मांझी हाडाम और जोगमाझी मुखिया देवीसन हांसदा ने कहा कि बाहा पूजा से आध्यात्मिक जागरूकता और सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा मिलता है।


