मुरलीपहाड़ी| नारायणपुर प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई होगी। इसमें प्रखंड के सभी 25 पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत हुए कार्यों और अभिलेखों की त्रुटियों पर सुनवाई होगी। पंचायत स्तर पर सुलझाए नहीं जा सके मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दोषी पाए जाने पर जुर्माने का भी प्रावधान है। जनसुनवाई में पूर्ण , अपूर्ण और संचालित योजनाओं पर बहस और सुनवाई होगी। जनसुनवाई की सभी तैयारियां बीडीओ और मनरेगा बीपीओ की देखरेख में पूरी की जा रही हैं। इसमें ग्रामीण विकास विभाग की सोशल ऑडिट टीम मौजूद रहेगी। पंचायतों में अभिलेखों को दुरुस्त करने का कार्य मनरेगा कर्मियों द्वारा किया जा रहा है। प्रखंड में चल रही योजनाओं की सुनवाई होगी। सोशल ऑडिट टीम की मौजूदगी में ज्यूरी टीम का गठन किया जाएगा। ज्यूरी के पदाधिकारी मामलों का निपटारा करेंगे या जरूरत पड़ने पर उन्हें जिला स्तरीय जनसुनवाई में भेजने का आदेश देंगे। पबिया| झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बुधवार को बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया। उपभोक्ताओं से बिजली बिल की रसीद और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी मांगी गई। जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं के मीटर में अनियमितता पाई गई। जिसके कारण दर्जनों कनेक्शन तत्काल काट दिए गए। जांच दल में कनीय अभियंता रफीक आलम, शशिकांत मुर्मू, रंजीत कुमार मिश्रा समेत विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे। रफीक आलम ने बताया कि यह मुहिम 31 मार्च तक जारी रहेगी।


