भास्कर न्यूज | जामताड़ा उपायुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास और उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक बुधवार को की गई। श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को दी जाने वाली योजनाओं की जानकारी ली गई। इनमें मेधावी पुत्र-पुत्री छात्रवृत्ति योजना, मातृत्व प्रसूति योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, झारखंड निर्माण कर्मकार मृत्यु/दुर्घटना सहायता योजना और निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना शामिल है। उपायुक्त ने श्रमिकों के कम निबंधन पर नाराजगी जताई और इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संचालित योजनाओं में लाभान्वित लोगों की सूची देने को कहा। अटेंडेंट रजिस्टर नहीं रहने और अपूर्ण प्रतिवेदन पर श्रम अधीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा।


