बेबको कंपनी के मजदूरों पर हमले का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर डीसी को ज्ञापन

भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले में बेबको कंपनी के मजदूरों पर कथित हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मजदूरों के समर्थन में जेएलकेएम पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार कंपनी के करीब 56 मजदूर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना पर बैठे हुए थे। आरोप है कि 3 फरवरी को लगभग 11:30 बजे कंपनी के मालिक नवीन भलोटिया और जीएम शैलेन्द्र सिंह लाठी व अन्य हथियारों के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया। घटना में सुखलाल महतो, अमित लायक, गुरुप्रसाद महतो और सुनील महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। जेएलकेएम प्रेम माड़ी ने कहा कि शांतिपूर्ण धरना पर बैठे मजदूरों पर इस तरह का हमला बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।इस दौरान प्रदीप महतो, गोपाल चंद्र महतो सहित कई मजदूर और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने प्रशासन से मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की भी अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *