जालंधर | लायलपुर खालसा कॉलेज की एनएसएस यूनिट और रेड रिबन क्लब ने ब्लड बैंक, फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से कॉलेज में खूनदान कैंप लगाया गया। कैंप के दौरान प्रिंसिपल डॉ. रशपाल सिंह संधू ने प्रतिभागियों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश होने के बावजूद, यहां प्रति हज़ार दाताओं की संख्या बहुत कम है। सड़क दुर्घटनाओं, थैलेसीमिया और अन्य चिकित्सीय स्थितियों के कारण होने वाली रक्त की मांग की तुलना में यह आपूर्ति काफी कम है। एनएसएस के मुख्य कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सतपाल सिंह ने बताया कि स्वयंसेवकों ने तख्तियां लेकर विद्यार्थियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। डॉ. कुसुम ने बताया कि इस शिविर में एकत्रित रक्त से 100 से अधिक मरीजों को लाभ होगा। इस दौरान प्रो. करणबीर सिंह, प्रो. सरबजीत कौर, प्रो. सोनू गुप्ता और प्रो. एनी गोयल ने भी रक्तदान किया। कॉलेज की एमओ डॉ. जसवंत कौर, प्रो. नरवीर सिंह, प्रो. सरबजीत सिंह और एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।


