मुक्तसर जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 10.5 किलो अफीम और 35 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस की टीम द्वारा पूछताछ की जा रही है। हिम्मतपुरा बस्ती में गश्त के दौरान दबोचा एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी ने बताया कि सीआईए-2 मलोट पुलिस टीम को हिम्मतपुरा बस्ती में गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। मोटरसाइकिल पर सवार युवक की तलाशी ली गई। उसके पास से सफेद प्लास्टिक के थैले में 3.5 किलो अफीम मिली। साथ ही 35 हजार रुपए की ड्रग मनी भी बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान भगवानपुरा के राजू पुत्र बलवीर सिंह के रूप में हुई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके घर में डीजे बॉक्स में और अफीम छिपी हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से 7 किलो अफीम और बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह अफीम कहां से लाता था और किसे बेचता था।


