अंतरराज्यीय ठग गिरोह का एक सदस्य पकड़ा:महिलाओं से गहनों की करते थे ठगी, 10 हजार का है इनामी

करौली पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिरोज पर करौली एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। थाना अधिकारी आध्यात्मिक गौतम ने बताया कि एएसआई बृजराज शर्मा की टीम ने मेरठ के आसिफाबाद समसपुर निवासी फिरोज (43) पुत्र खैरुद्दीन को गिरफ्तार किया है। 13 फरवरी को करौली के नीर एंड नाइस तिराहे पर एक महिला से जेवर ठगने का मामला सामने आया था। चार लोगों ने महिला को बातों में उलझाया और उसके जेवर लेकर बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि इसी गिरोह ने 15 फरवरी को रेवाड़ी के मॉडल टाउन में भी ऐसी ही वारदात की थी। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज में एक ही आरोपी दिखे। पूछताछ में फिरोज ने करौली में महिला से जेवर ठगने की बात कबूल की। उसने हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में भी ऐसी वारदातें करने की बात स्वीकार की है। यह गिरोह महिलाओं से ठगी कर गहने लूटता है और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहता है। पुलिस ठगी के माल की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *