जामा की पू्र्व विधायक सीता सोरेन पर गुरुवार की रात धनबाद के एक होटल में उनके पीए देवाशीष मनोरंजन घोष ने पिस्टल तान दी। इसी दौरान वहां मौजूद सीआरपीएफ के सिक्यूरिटी इंचार्ज ने घोष को पकड़ लिया। सूचना पर सरायढेला थानेदार नूतन मोदी होटल पहुंचीं और घोष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को घोष के पास से पिस्टल, सात गोली और एयरगन मिले हैं। सीता सोरेन की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शुक्रवार को कोर्ट ने घोष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने सरायढेला थाना में दी शिकायत में बताया कि वे कतरास में शादी में शामिल होने के बाद सरायढेला के होटल पहुंची थी। वहां पीए और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा चुनाव में हुए खर्च का हिसाब मांग रही थी। हार के कारण पर चर्चा हो रही थी। अचानक पीए ने गुस्से में पिस्टल निकालकर तान दी। पर, पीएसओ (सीआरपीएफ) ने उसे पकड़ लिया। देवाशीष घोष रांची के लोअर हटिया में मधुबन अपार्टमेंट में रहता है। इधर, डीएसपी नौशाद आलम ने कहा कि प्रथमदृष्टया यह मामला पिछले विधानसभा चुनाव में फंड को लेकर विवाद पर हुआ लग रहा है। सीता सोरेन बोलीं… गुस्से में देवाशीष ने निकाली पिस्तौल सीता सोरेन ने कहा कि शादी से लौटने के बाद होटल में चर्चा के दौरान देवाशीष ने पिस्तौल निकाल ली। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। यह पूछने पर कि आखिर देवाशीष इतना आक्रोशित क्यों हो गया और उसके पास पिस्तौल कहां से आई। सीता ने कहा कि घोष पिस्तौल लेकर ही आया था। होटल में मौजूद सहयोगी विधानसभा चुनाव में खर्च के बारे में चर्चा कर रहे थे, जिस पर देवाशीष गुस्से में आ गया। पीए देवाशीष घोष ने मुंगेर से मंगवाई थी पिस्टल, साथ लेकर आया था आरोपी घोष ने पुलिस से कहा कि 5 मार्च को सीता सोरेन ने फोन कर 6 मार्च को धनबाद में शादी में चलने को कहा था। वह मुंगेर से मंगाई गई पिस्टल, 7 गोली और एयरगन लेकर सीता के आवास पहुंचा। शादी में शामिल हुआ। इसके बाद सरायढेला मीटिंग में उसे हार का जिम्मेवार ठहराने पर उसने बौखलाकर पिस्टल निकाल ली।


