बरवाअड्डा की कुलबेड़ा पंचायत के हड़ियाडीह गांव में दिलीप महतो (45) ने अपनी मां अलकाही देवी (60), मौसी सुगा देवी (70) और बेटी खुशी (19) को ईंट से प्रहार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पुलिस ने जख्मी तीनों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मां-मौसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद खुशी को ग्रामीण उसे अपने साथ ले गए। पुलिस ने आरोपी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। दिलीप के जीजा चूरामन महतो ने बताया कि घटना के समय सास अलकाही देवी खाना खा रही थी, जबकि मौसी सास सब्जी बना रही थी। इस दौरान दिलीप ने ईंट से पहले मौसी पर, फिर उसे बचाने आई मां पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान बेटी खुशी को भी मार कर घायल कर दिया। वहीं आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि घर में उसकी कोई हैसियत नहीं थी। लोग उसे मच्छर समझते थे। दिलीप के पुत्र अमृत ने बताया कि उसके पिता कोई काम नहीं करते हैं। घर में हमेशा लड़ते-झगड़ते रहते थे। घरवाले उसे रांची के रिनपास में भर्ती कराने के लिए ले गए थे। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे सामान्य बताते हुए भर्ती नहीं किया था । 5 साल पूर्व दिलीप अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल भी गया था। उसे 7 साल की सजा हुई थी। वह बेल पर बाहर था।


