अनशन पर बैठे डल्लेवाल की तबीयत बिगड़ी:पैरों में सूजन, शरीर में पानी की कमी, ड्रिप लगना भी बंद हुआ, कल किसान महिला महापंचायत

पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन 102वें दिन में प्रवेश कर गया है। वहीं, एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ रही है। उनके पैरों में सूजन है, शरीर में पानी की कमी हो रही है और पेशाब के जरिए ज्यादा पानी निकल रहा है। उन्हें ड्रिप लगना भी बंद हो गया है। डॉक्टरों की एक टीम उन पर नजर रख रही है। उधर, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अब इस मामले में आम आदमी पार्टी और भाजपा को घेरा है। उन्होंने सवाल किया है कि दोनों पार्टियां इस मामले में चुप क्यों हैं? “किसान खाली नारे और भरोसे के हकदार नहीं हैं” वड़िंग ने अपने फेसबुक पर डाली गई पोस्ट में लिखा है- जगजीत सिंह डल्लेवाल की भूख हड़ताल को 101 दिन हो गए, फिर भी आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों पूरी तरह से चुप हैं। किसानों की जायज़ मांगों के प्रति यह रवैया उनकी किसान-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। दोनों पार्टियों ने झूठे वादों पर अपनी राजनीतिक कहानी बनाई है, लेकिन जब असली कार्रवाई की बात आती है, तो कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव के दौरान पंजाब के प्रति दोस्ताना रवैया दिखाते हैं, लेकिन किसानों के खिलाफ नीतियां लागू करते रहते हैं। इसी तरह, सीएम भगवंत मान भी किसानों के सम्मान और सत्कार के हकदार हैं, खाली नारों और खोखले भरोसे के नहीं। किसानों की अहम मीटिंग आज किसानों की केंद्र सरकार के साथ चंडीगढ़ में 19 मार्च को सातवें दौर की बैठक निर्धारित है। इससे पहले, किसान अपने आंदोलन को तेज करने में लगे हैं। इसी कड़ी में, किसानों की ओर से कल, यानी 8 मार्च को, किसान महिला महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसके बाद पूरे प्रदेश में किसान महापंचायत की तैयारियां की जाएंगी। 8 मार्च को भी किसान नेता संघर्ष को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। वहीं, आज संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के नेता मौजूदा हालातों को लेकर भविष्य की रणनीति तैयार करेंगे। इसके लिए किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक तय की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *