फतेहाबाद में शराब ठेके पर लूट के 2 आरोपी काबू:पिस्तौल और तलवार के बल पर की वारदात; एक पंजाब का रहने वाला

फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र में शराब ठेके पर हथियारों के बल पर लूट की वारदात के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी पुलिस 2 आरोपियों को काबू कर चुकी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश और लूटी गई नकदी और शराब की बरामदगी में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के मानसा जिले के गांव कुलड़िया निवासी रवि शर्मा और रत्ताथेह निवासी सिकंदर सिंह के रूप में हुई है। थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि धारसूल कलां निवासी रघुबीर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने गांव रूपावाली में शराब का ठेका लिया हुआ है। 2 जुलाई की रात को हुई थी वारदात शिकायत के अनुसार 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे ठेके पर उसका सेल्समैन मौजूद था। इसी दौरान 3 युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। आरोप है कि एक युवक ने पिस्तौल, दूसरे ने तलवार और तीसरे ने गंडासा लेकर सेल्समैन को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश ठेके से करीब 14-15 हजार रुपए की नकदी और देशी शराब की पेटी लूट ले गए। 3 जुलाई को दर्ज किया गया था केस घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सदर टोहाना में 3 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 311 और शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पहले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अब 2 अन्य सह आरोपियों को भी दबोच लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल अन्य साथियों की पहचान, लूटी गई नकदी और शराब की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *