पंचायत की योजनाओं में तेजी लाएं अधिकारी: डीसी

सिटी रिपोर्टर | बोकारो गुरुवार को डीसी अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पंचायती राज विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित लक्ष्य एवं समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने सबकी योजना-सबका विकास अभियान, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी), बीआरजीएफ, 13वें, 14वें एवं 15वें वित्त आयोग, ऑनलाइन ऑडिट, ई-ट्रेजरी ऑनबोर्डिंग, पंचायत सचिव रोस्टर, पंचायत ज्ञान केंद्र स्थापना तथा ईईएसएल भुगतान सहित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों ने एलएसडीजी थीम की प्रविष्टि निर्णय पोर्टल पर शत-प्रतिशत पूरी कर ली है। वहीं, ई-ग्राम स्वराज, जीपीडीपी और निर्णय पोर्टल के संचालन के लिए वीएलई का प्रशिक्षण भी पूर्ण हो चुका है। बैठक में वित्त आयोग मद की उपलब्ध राशि, व्यय और शेष राशि की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निधियों का पारदर्शी एवं समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि जिले की सभी 9 पंचायत समितियों और 249 ग्राम पंचायतों का ऑनलाइन ऑडिट पूरा हो चुका है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चयनित 56 पंचायतों में से 54 में पंचायत ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष दो में कार्य जारी है। डीसी ने लंबित भुगतान और विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *