पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में दिनदहाड़े लूट का प्रयास नाकाम हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। वहीं लुटेरों से मारपीट करने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही जा रही है। महिला के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण जानकारी के अनुसार गांव बेर कलां तीन नकाबपोश लुटेरे खिलौना पिस्तौल और तेजधार हथियारों के साथ एक घर में घुस गए। घर में मौजूद महिला हरप्रीत कौर ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचा दिया। महिला की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने लुटेरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल मलौद थाना पुलिस ने हरप्रीत कौर की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान तरणजीत सिंह, गुरदीप सिंह उर्फ दीपू और गुरमीत सिंह उर्फ मंगा के रूप में हुई है। तीनों लुधियाना जिले के साहनेवाल थाना क्षेत्र के टिब्बा गांव के रहने वाले हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। डीएसपी के बयान से लोगों में नाराजगी पायल के डीएसपी दीपक राय ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना की। हालांकि उन्होंने लुटेरों की पिटाई करने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही। डीएसपी के बयान से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस अपराध रोकने में विफल है। जब लोग खुद जागरूक होकर अपराधियों का सामना कर रहे हैं, तो उन्हें ही कानून का पाठ पढ़ाया जा रहा है।


