14 साल की 7वीं में पढ़ने वाली नाबालिग को दोस्ती के जाल में फंसाकर शादी की नीयत से लड़का भगा ले गया। करीब 25 दिन बाद नाबालिग को पुलिस बैंगलोर से दस्तयाब कर लाई। नाबालिग ने अपने साथ युवक द्वारा कई बार जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। ऐसे में रविवार को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल से पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया।
औद्योगिक नगर थानाप्रभारी जसंवत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी एक 14 साल की नाबालिग को उसके ही मोहल्ले में रहने वाले एक लड़के ने प्रेमजाल में फंसा लिया। दोनों फोन पर बात करने लगे। हसीन जिदंगी का ख्वाब दिखाकर लड़का नाबालिग को 12 फरवरी को भगाकर ले गया। दोनों ट्रेन से बैंगलोर चले गए। घटना को लेकर नाबालिग के पिता ने औद्योगिक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की। नाबालिग के बैंगलोर में होने की जानकारी मिलने पर एक टीम बैंगलोर गई। जहां से नाबालिग को दस्तयाब किया लेकिन लड़का तब तक फरार हो चुका था। जिसकी तलाश में पुलिस की एक टीम जुटी है। पुलिस को दिए बयान में नाबालिग ने बताया कि लड़का उसे ट्रेन से बैंगलोर ले गया। पिछले करीब 25 दिनों में उसने कई बार उससे जबरदस्ती की। ऐसे में रविवार को पीड़ित नाबालिग का पाली के बांगड़ हॉस्पिटल से मेडिकल करवाया गया।


