भास्कर न्यूज|गुमला उत्पाद अधीक्षक के द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में गुमला बाजार टांड़ और बस स्टैंड में अवैध शराब की बिक्री की रोकथाम हेतु छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व प्रदीप कुमार करमाली, अवर निरीक्षक उत्पाद तथा उत्पाद सिपाही एवं सशस्त्र गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे। टीम ने छापेमारी के क्रम में कुल 60 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब एवं करीब 40 लीटर हड़िया बरामद कर घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही बेचने वाले लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई। कहा गया कि पुनः अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने पर विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि बीते दिनों बाजार टांड़ में अवैध शराब बिक्री को लेकर प्रमुखता के साथ खबर छापी गई थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी व उत्पाद विभाग ने अधीनस्थों को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।


