इच्छा शक्ति से हर जंग जीती जा सकती है : सीजेएम

भास्कर न्यूज|लोहरदगा झालसा रांची और पीडीजे सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में लोहरदगा जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सिविल कोर्ट परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सेमिनार सह मातृ शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सीजेएम कृष्णकांत मिश्रा, डीएलएसए सचिव राजेश कुमार और न्यायिक मजिस्ट्रेट जया स्मिता कुजूर मौजूद रहीं। सीजेएम कृष्णकांत मिश्रा ने कहा कि जीवन को उद्देश्य देने के लिए स्वाध्याय जरूरी है। पुस्तकें सफलता की राह दिखाती हैं। मन को शांत रखने के लिए सुबह प्रवचन सुनना चाहिए। मन एकाग्र करने और ज्ञान बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करना चाहिए। डीएलएसए सचिव राजेश कुमार ने आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। कहा कि जीवन में परेशानियां आती-जाती रहती हैं। विकट परिस्थितियों में जो खुद को मजबूत कर लेता है, वह हर जंग जीत सकता है। कितनी भी मुश्किल घड़ी हो, यह याद रखना चाहिए कि बुरा वक्त गुजर जाता है। आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं। हर परिस्थिति से लड़ने के लिए खुद को तैयार करना चाहिए। न्यायिक मजिस्ट्रेट जया स्मिता कुजूर ने कहा कि आवेश में आकर कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए। कार्यक्रम में पीएलवी और अधिवक्ताओं ने गीत-संगीत प्रस्तुत किया। न्यायिक पदाधिकारियों ने उपस्थित मातृ शक्ति को उपहार और स्मृति चिन्ह भेंट किए। समापन से पहले महिला प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण पर गीत गाए। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। डीएलएसए सचिव राजेश कुमार ने सभी कर्मियों और पीएलवी को गुलाल लगाकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली की बधाई दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *