लुधियाना | बुधवार को आयकर विभाग के 70 से अधिक अधिकारियों ने प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोफत के क्लीनिक पर छापेमारी की। यह छापेमारी कॉलेज रोड स्थित उनके क्लीनिक और उनके आवासों पर की गई। छापेमारी सुबह शुरू हुई और विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल और उनके घरों के साथ-साथ कई अन्य स्थानों पर तलाशी ली। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकदी जब्त की गई, और पूरे अस्पताल को आयकर विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने डॉ. अमित और रुचिका सोफत के घर पर पहले छापेमारी की व फिर उनकी क्लीनिक की ओर रुख किया। बैंक खाते व डेटा खंगाला आयकर जांच के दौरान डॉ. सोफत के परिवार के बैंक खातों और मोबाइल फोन की डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं। आयकर विभाग के अधिकारी रात भर अस्पताल और आवासों पर दस्तावेजों की जांच करते रहे। सूत्रों के अनुसार, विभाग को क्लीनिक और डॉक्टर के परिवार की संपत्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है, जो टैक्स चोरी के मामले में मददगार हो सकती है। विभाग ने अभी तक छापेमारी के दौरान जब्त की गई नकदी और दस्तावेजों के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह छापेमारी दो से तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।


