भास्कर न्यूज|जगराओं सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 304 ग्राम हेरोइन बरामद की। बरामद हेरोइन की कीमत लगभग 1.75 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। आरोपियों की पहचान बलप्रीत सिंह उर्फ मानी (पुत्र बाज सिंह), निवासी आलीवाल और सुखविंद्र सिंह उर्फ सुक्खा (पुत्र प्रीतम सिंह), निवासी बानीएवाल थाना दाखा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को बुधवार को सिविल अस्पताल से मेडिकल करवाने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपियों से की जाने वाली पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास इतनी बड़ी राशि कहां से आई और इन्होंने इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से खरीदी। पुलिस ने बताया कि बुधवार को एसआई गुरसेवक सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ ने ड्रेन पुल पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दोनों आरोपी लुधियाना जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं और आज सिधवां कलां स्टेडियम में हेरोइन की डिलीवरी देने आएंगे। पुलिस ने तुरंत सिधवां कलां स्टेडियम में छापा मारा, जहां दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर पहुंचे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 304 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसआई गुरसेवक सिंह ने बताया कि आरोपियों को 5 दिनों के रिमांड में पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि यह हेरोइन कहां से आई और इसके साथ ही यह भी जांचा जाएगा कि आरोपियों ने इसे किसे बेचा था। जानकारी के अनुसार, एक आरोपी पर पहले भी नशा तस्करी के 3 अलग-अलग मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई और खुलासे होने की संभावना है, जो नशा तस्करी के नेटवर्क को बेनकाब करने में मदद कर सकते हैं। लुधियाना| शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने तस्करी की बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों से कुल 270 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पहले मामले में थाना दुगरी की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच अधिकारी सुखदेव राज ने बताया कि पुलिस की टीम ने धांदरा रोड पर नाका लगाया हुआ था, तभी एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से नशीली सामग्री बरामद हुई। आरोपी ने अपनी पहचान बादल पुत्र राजपाल सिंह, निवासी शहीद भगत सिंह नगर के रूप में दी। पूछताछ में उसने बताया कि वह हेरोइन बेचने जा रहा था। इसके अलावा आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी नशे की तस्करी के आरोप में 10 साल की सजा काट चुका है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 3 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। दूसरे मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस ने एक कार से तस्करी कर हेरोइन ले जा रहे आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच अधिकारी सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम बद्दोवाल रेलवे लाइन के पास नाके पर तैनात थी। तभी एक कार (DL7CH-8143) नाके के पास से गुजरी, जिसे रोककर तलाशी ली गई। कार से 170 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी की पहचान बलजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गांव मलकपुर के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह जगराओं में हेरोइन बेचने के लिए ले जा रहा था और नशे की तस्करी के लिए वह अपनी कार का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता चल सके कि ये हेरोइन कहां से आई और किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नशे के बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। {आरोपियों पर 3 मामले दर्ज हैं: पुलिस की ओर से 1.75 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों में बलजीत सिंह उर्फ मानी पर पहले भी नशा तस्करी के 3 मामले दर्ज हैं। जांच अधिकारी गुरसेवक सिंह ने बताया कि बलजीत कुछ समय पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया। इसके बाद उसने दोबारा वही धंधा फिर से शुरू कर दिया। इसके अलावा दूसरा आरोपी सुखविंदर सिंह मजदूर है। जो दिहाड़ी करके अपने परिवार का पेट पालता था, लेकिन उसे पैसों का लालच देकर आरोपी ने अपने साथ तस्करी के काम में शामिल कर लिया।


