शहर की प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाली शिखा मिश्रा ने अवैध संबंध के शक पर अपने पति के साथ काम करने वाली दो युवतियों पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई,जबकि दूसरी युवती जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।
बुधवार को दोपहर आरोपी महिला एक युवती के घर पहुंची और दूसरी काे भी फोन कर बुला लिया। विवाद के दौरान दोनों पर चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गई। माढ़ोताल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शिखा को अपने पति कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक ब्रजेश मिश्रा और उनकी सहयोगी के बीच अफेयर का शक था। शिखा इसको लेकर परेशान थी। इस बात पर आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी मिली है।
बातचीत के दौरान तीनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि शिखा ने गुस्से में आकर चाकू से दोनों युवतियों पर हमला कर दिया। पड़ोस के लोगों ने घटना के बाद एक युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी घायल युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है। हमले के बाद शिखा अपनी एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। माैत उस युवती की हुई है, जिसके घर आरोपी शिखा गई थी।


