कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय पार्षद बने आकाश तिवारी की घर वापसी हो गई है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने बुधवार को उन्हें दोबारा कांग्रेस में शामिल कराया। इस दौरान पीसीसी चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और महामंत्री मलकीत सिंह गैदू भी मौजूद रहे। हांलाकि इसके बाद बाहर आकर मीडिया के सामने सचिन पायलट ने कहा कि पार्टी में अब कोई भी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि, अब तक कार्रवाई को लेकर उन्होंने संकोच किया था लेकिन अब समय आ गया है कि अगर कोई पार्टी की नीति से बाहर रहेगा या उसके कामों से पार्टी को नुकसान होगा तो उस पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। निकाय चुनाव में बगावत के बाद अब कांग्रेस में वापसी रायपुर नगर निगम चुनाव के दौरान टिकट न मिलने से नाराज होकर आकाश तिवारी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरकर जीत दर्ज की थी। उनकी इस बगावत के चलते कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। हालांकि, अब पार्टी में वापसी के साथ ही वे दोबारा कांग्रेस के सक्रिय नेता बन गए हैं। सुबह से सचिन पायलट के साथ रहे तिवारी सचिन पायलट के रायपुर आगमन के बाद से ही आकाश तिवारी लगातार उनके साथ नजर आए। जब पायलट जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मिलने रायपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, तब आकाश तिवारी के समर्थक कांग्रेस और सचिन पायलट के समर्थन में नारेबाजी करते दिखे। इसके बाद राजीव भवन में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक के दौरान भी तिवारी पूरे समय आसपास बने रहे। बैठक के बाद सचिन पायलट ने उन्हें कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में प्रवेश दिलाया। इसके बाद तिवारी पायलट को एयरपोर्ट तक छोड़ने भी पहुंचे। अब रायपुर नगर निगम में 8 कांग्रेस पार्षद निकाय चुनावों के बाद रायपुर नगर निगम में बीजेपी के 60, कांग्रेस के 7 और निर्दलीय 3 पार्षद थे। लेकिन आकाश तिवारी की कांग्रेस में वापसी के बाद अब कांग्रेस पार्षदों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इससे नगर निगम में कांग्रेस को थोड़ा संख्याबल बढ़ाने का मौका मिला है। अनुशासनहीनता अब बर्दाश्त नहीं- सचिन पायलट कांग्रेस में आकाश तिवारी की वापसी के साथ ही सचिन पायलट ने सख्त संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पायलट ने स्पष्ट किया कि अब तक कार्रवाई को लेकर कुछ संकोच था, लेकिन अब पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त किसी भी नेता या कार्यकर्ता पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


