भास्कर न्यूज| चाईबासा गर्मी को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत बंद चापाकलों की मरम्मत कर आम जनता को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए समाहरणालय स्थित कार्यालय में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कुलदीप चौधरी की अध्यक्षता एवं उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चाईबासा व चक्रधरपुर की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार दोनों पेयजल प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की देखरेख में सभी चापाकलों का भौतिक सत्यापन कराया गया। इस दौरान जिले भर में विभिन्न वजहों से कुल 2167 बंद चापाकलों की सूची तैयार की गई। उपायुक्त द्वारा बताया गया कि लोगों को गर्मी में पेयजल की उपलब्धता हेतु डीएमएफटी मद से सभी बंद चापाकलों की मरम्मत करवाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही चाईबासा एवं चक्रधरपुर पेयजल प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया है कि चापाकल मरम्मत के उपरांत चापाकल को विशेष रंग से चिह्नित किया जाए, ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा सके कि चापाकल की मरम्मत कराई गई है।


