दिव्यांगजनों, दृष्टिबाधितों और निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह 23 को

सिटी रिपोर्टर | रांची लायंस क्लब ऑफ रांची द्वारा विहिप सेवा विभाग के सहयोग से 23 मार्च को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। श्री राणी सती मंदिर रांची प्रांगण स्थित हनुमान बक्श पोद्दार सत्संग भवन में 41 जोड़ियों का आदर्श सामूहिक विवाह होगा। लायंस क्लब के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कन्याओं का विवाह सनातन वैदिक रीति से पंडित श्याम सुंदर भारद्वाज द्वारा संपन्न कराया जाएगा। सामूहिक विवाह के संयोजक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि संथाल परगना के 150 से अधिक दृष्टिबाधित और दिव्यांग दूल्हा-दुल्हन के साथ बारातियों के रहने और भोजन की व्यवस्था एक दिन पहले 22 मार्च सुबह से की गई है। प्रांत सह सेवा प्रमुख अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस आदर्श सामूहिक विवाह में पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, दुमका, रांची और खूंटी जिले की 17 दिव्यांग जोड़ियों और 24 अन्य जोड़ियों का विवाह कराया जा रहा है। इनमें नौ जोड़ियां दृष्टिबाधित और आठ जोड़ियां शारीरिक रूप से दिव्यांगों की हैं। दृष्टिबाधित और दिव्यांगों को विवाह में सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सेवा विभाग के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान सेवा विभाग द्वारा सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के अलावा व्यक्तिगत स्तर पर 25 से अधिक आदर्श विवाह में 2,500 से अधिक जोड़ियों को परिणयसूत्र में बांधा जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *