मुंगेली में गिरोह द्वारा धमकी के जरिए 60 लाख रुपए वसूलने और जमीन की जबरन रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी आयुष प्रताप सिंह उर्फ समीर ठाकुर और उसके पांच साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ित सिद्धार्थ बैद (21 वर्ष) गोल बाजार, गांधी वार्ड, मुंगेली का रहने वाला है। उसने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई कि आयुष प्रताप सिंह उर्फ समीर ठाकुर और उसके गिरोह ने उसे डरा-धमकाकर अवैध रूप से पैसे वसूले और उसकी और उसकी मां की जमीन जबरन अपने साथी के नाम रजिस्ट्री करवा ली। आरोपियों ने चेक और बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से धमकी देकर लगभग 60 लाख रुपए वसूल लिए। मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच प्रार्थी की शिकायत पर सिटी कोतवाली, मुंगेली पुलिस ने आयुष प्रताप सिंह उर्फ समीर ठाकुर और पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 96/2025 के तहत धारा 318(4), 308(2)3(5) बीएनएस में केस पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। एसडीओपी नवनीत पाटिल ने बताया कि धोखाधड़ी के इस मामले में आयुष प्रताप सिंह और 5 अन्य आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।


