अमृतपाल के चाचा समेत सात साथी अदालत में पेश मोबाइल रिकवरी के लिए मिला चार दिन का रिमांड

भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला थाने पर हुए हमले के मामले में सांसद अमृतपाल सिंह के चाचा सहित 7 साथियों को शुक्रवार को अजनाला कोर्ट में पेश किया। इस मौके पुलिस ने अदालत से 7 दिन के रिमांड की मांग की , लेकिन अदालत ने 4 दिन का रिमांड दिया। अमृतपाल के जिन साथियों को लाया गया, उनमें बसंत सिंह, भगवंत सिंह बाजेके, गुरमीत सिंह, सरबजीत सिंह कलसी, रणजीत सिंह कलसी, गुरिंदर पाल सिंह गुरी औजला, अमृतपाल के चाचा हरजीत सिंह और कुलवंत सिंह शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इन सभी को अजनाला थाने में दर्ज एफआईआर 39/2023 के तहत लाया गया है। गोर हो कि वीरवार को रात पुलिस आरोपियों को लेकर पहुंची थी। जिन्हें अज्ञात जगह सेफ हाऊस में रखा गया था। पेशी के दौरान सुरक्षा को लेकर 30 से ज्यादा पुलिस मुलाजिमों को तैनात किया गया था। जब अमृतपाल की पेशी हुई तो कोर्ट परिसर में किसी को जाने की अनुमति नहीं दी गई। 23 फरवरी 2023 को खालिस्तान समर्थक संगठन “वारिस पंजाब दे’ से जुड़े लोगों ने थाना अजनाला पर हमला कर दिया था। इनके हाथों में हथियार और तलवारें थीं। ये लोग संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। इनके हमले के बाद दबाव में आई पंजाब पुलिस ने आरोपी को रिहा करने का ऐलान कर दिया था। पुलिस ने उग्र भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन ये उन्हें तोड़कर अंदर घुस गए। इसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। थाना अजनाला में अमृतपाल, उसके साथी तूफान सिंह समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है। बता दें कि अमृतपाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने वाले युवक को किडनैप करने के बाद उसे बुरी तरह पीटा था। दरअसल, 15 फरवरी 2023 की रात अजनाला में पहुंचे चमकौर साहिब के बरिंदर सिंह को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। जंडियाला गुरु के पास मोटर पर बरिंदर सिंह के साथ मारपीट की गई थी। जिसकी शिकायत पर अमृतपाल व उसके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसी केस में पुलिस ने तूफान सिंह को गिरफ्तार किया था। इससे अमृतपाल भड़क गया और उसने अजनाला थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी। एसपी हरपाल सिंह रंधावा ने बताया था कि हमलावर तलवार और बंदूकें साथ लाए थे। उनके पास श्री गुरुग्रंथ साहिब की पवित्र बीड़ भी थी। ऐसे में जवान पीछे हट गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *