कांडी का छात्रावास अभी तक कंप्लीट नहीं, बना नशेड़ियों का अड्‌डा

प्रखंड मुख्यालय कांडी में लाखों की लागत से बना छात्रावास नशेड़ियों का आवास बनकर रह गया है। इससे शिक्षा विभाग के साथ साथ प्रशासन को भी कोई मतलब नहीं है। प्रखंड मुख्यालय कांडी स्थित प्लस टू हाईस्कूल के बाजू में तीन मंजिलों वाले बड़े छात्रावास का निर्माण कराया गया है। उसके बाहर टूटी फूटी चहारदीवारी बना दी गई थी। इस कारण छात्रावास में असामाजिक तत्वों का दिन रात निर्बाध प्रवेश जारी रहता है। फलत: यह छात्रावास नशेड़ियों का आवास बनकर रह गया है। शुक्रवार को नशेड़ियों की बावत जानकारी मिलने पर भाजपा नेताओं, वर्तमान व पूर्व मुखिया ने इसका निरीक्षण कर इसे सार्वजनिक संपति का खुलेआम दुरूपयोग बताया। राजकीय कृत + 2 उच्च विद्यालय कांडी के बगल में लाखों रुपए की लागत से बना हॉस्टल का नया बिल्डिंग नशेड़ियों जुआरियों का अड्डा बनकर रह गया है। शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही के कारण इसी विद्यालय में 25 वर्षो से सरकार द्वारा अर्धनिर्मित भवन की टॉप लेबल तक बनी दीवारें खड़ी हैं। जिसे कोई देखने वाला नहीं है। इसके बाद भी छात्रावास के नाम पर बड़ी सी बिल्डिंग बना कर छोड़ दी गयी है। यह शिक्षा विभाग की घोर लापरवाही का परिचायक है। जब कि इस विद्यालय में विद्यालय परिवार के साथ साथ शिक्षा विभाग के एरिया पदाधिकारी से लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी तक स्कूल का निरीक्षण करने आते रहते हैं। फिर भी इस घोर अनियमितता पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस नई बिल्डिंग में कमजोर बाउंड्री वाल के कारण नए भवन की खिड़की दरवाजा तोड़कर लफंगे उच्चके शिक्षा के मंदिर में गांजा दारू पी रहे हैं। और शिक्षा विभाग इससे सर्वथा अनजान बना हुआ है। स्कूल से संबंधित अनियमितता की शिकायत बार बार विभाग को दी जाती रही है। लेकिन अभी तक इस दिशा में न तो कोई कार्रवाई या सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत के मुखिया विजय राम, पूर्व मुखिया विनोद प्रसाद, भाजपा नेता रामलाला दुबे, मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे, नन्हक कुमार, मुद्रिका राम सहित सभी भवन की हालत देख कर अवाक रह गए। नेताओं ने प्रेस के माध्यम से उपायुक्त से आग्रह किया है कि तत्काल जांच कर पुराने अर्धनिर्मित भवन का निर्माण पूर्ण कराया जाए। साथ ही नवनिर्मित छात्रावास की समुचित देख भाल व इसमें बच्चों का रहना सुनिश्चित किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *