कोंडागांव नगर पालिका निकाय चुनाव में राधा साहू ने विकास नगर वार्ड से पार्षद पद पर भारी जीत हासिल की है। राधा साहू पूर्व प्राचार्य डी.एस. साहू की पत्नी हैं और खुद भी पूर्व शिक्षिका रह चुकी हैं। उनकी जीत के उपलक्ष्य में विकास नगर स्थित गार्डन के मंदिर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर हिंदू नारी जागरण अंजना महिला मानस मंडली की सदस्यों ने रामायण भजन कीर्तन का आयोजन किया। कार्यक्रम में वार्ड के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वार्डवासियों की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी राधा मंडली की अध्यक्ष रेखा साहू ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर राष्ट्र, समाज और धर्म के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राधा साहू के पार्षद बनने से सभी महिलाएं गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। महिला मंडली की सदस्यों ने राधा साहू को आश्वासन दिया कि वे उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि राधा साहू वार्डवासियों की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी और अपनी नई राजनीतिक पारी में समाज सेवा के लिए कटिबद्ध रहेंगी।


