समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, उद्योग-व्यापार समेत अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश की 38 शख्सियतों को इमर्जिंग स्टार ऑफ छत्तीसगढ़ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। दैनिक भास्कर की ओर से यह सम्मान समारोह 24 मार्च सोमवार को होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव हैं। उनके हाथों अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली शख्सियतों को इमर्जिंग स्टार ऑफ छत्तीसगढ़ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। इमर्जिंग स्टार ऑफ छत्तीसगढ़ अवॉर्ड ऐसे लोगों को दिया जा रहा है, जिन्होंने अपनी जिद, जुनून और जज्बे से एक अलग और खास मुकाम हासिल किया है, जो ना केवल अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज को सकारात्मक दिशा में ले जा रहे हैं, बल्कि वे दूसरों को भी इस दिशा में प्रेरित कर रहे हैं। इनमें से अधिकतर प्रदेश के छोटे-छोटे शहरों से हैं लेकिन समाज की बेहतरी में उनका अहम योगदान रहा है।


