सिटी रिपोर्टर | रांची शहर में मंगलवार को दूसरी मंगलवारी शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। सभी अखाड़ेधारी गाजे-बाजे के साथ जय श्रीराम के नारों के साथ अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। इससे पहले सभी अखाड़ों में झंडा स्थापित किया गया और हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया गया। श्री महावीर मंडल की अगुवाई में रात 8 बजे विभिन्न इलाकों से शोभायात्रा निकाली गई। भुतहा तालाब स्थित श्री चैती दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से रात आठ बजे मंदिर परिसर से ढोल-नगाड़ों के साथ महाबली हनुमान के झंडे के साथ मंगलवारी शोभायात्रा निकाली गई। इससे पूर्व चैती दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद नवयुवक समिति ग्वाला टोली, धवन नगर कांके रोड, रातू रोड, बाल मित्र मंडल, प्यादा टोली, हिंदपीढ़ी, नारी सेना पहाड़ी मंदिर सहित अन्य अखाड़ेधारियों ने शोभायात्रा निकाली। सभी अखाड़ेधारी महावीर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर वापस लौट गए। मौके पर श्री महावीर मंडल केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों ने भक्तों का महावीर चौक पर स्वागत किया।


