बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के वाहन चलाए तो अधिकारी-कर्मचारियों पर भी जुर्माना

भास्कर न्यूज | बालोद सोमवार को कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपायों पर चर्चा की। संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे तय नियमों का पालन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों से 500 रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। यह राशि जिला सड़क सुरक्षा समिति के खाते में जमा होगी। कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दिए गए निर्देश का शत-प्रतिशत पालन हो। यातायात नियम का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई हो। राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग को अभियान चलाकर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। गुड सेमेरिटन योजना के तहत प्राप्त मामलों की समीक्षा भी हुई। इस योजना के तहत बेहतर काम करने वालों को सम्मानित किया जाए। सिविल सोसायटी की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। र्घटनाजन्य स्थानों को चिन्हित कर स्ट्रीट लाइट और संकेतक लगाने के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की नियमित फिटनेस जांच हो। सड़क किनारे लंबे समय से खड़े खराब वाहनों को हटाया जाए। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई हो। सड़कों के किनारे घूमने वाले मवेशियों को हटाया जाए कलेक्टर ने ओवरलोडिंग वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम को आदेश दिया गया कि बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के कार्यालय आने वाले कर्मचारियों से जुर्माना वसूला जाए। नगर पालिका अधिकारियों को सड़क किनारे घूमने वाले मवेशियों और अवैध दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। जरूरी जगहों पर नो पार्किंग जोन बनाने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत इलाज मिले। सभी अस्पतालों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। 108 एंबुलेंस 24 घंटे तैयार रहें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *