भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जनपद पंचायत खड़गवां में नव निर्वाचित सरपंचों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला हुई। इसमें स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस मॉडल गांव के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। जिला समन्वयक राजेश जैन ने ओडीएफ प्लस मॉडल गांव की अवधारणा समझाई। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और पृथक्करण जरूरी है। सामुदायिक और घरेलू गंदे पानी के उचित निपटान पर भी जोर दिया गया। पंचायतों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रस्ताव पारित कर सख्ती से पालन करने की बात कही गई। नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाने का भी सुझाव दिया गया। शासकीय संपत्तियों के रखरखाव और संचालन पर ध्यान देने की बात कही गई। कार्यशाला में ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता के लिए श्रमदान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। 15वें वित्त आयोग की राशि के सही उपयोग के लिए जीपीडीपी प्लान तैयार करने की बात हुई। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता बनाए रखने पर चर्चा हुई। कार्यशाला में जनपद पंचायत सीईओ रूपेश बंजारे, सहायक विकास विस्तार अधिकारी रामकुमार लकड़ा, संकाय सदस्य और जनपद पंचायत खड़गवां की 44 ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित सरपंच मौजूद रहे। इस दौरान सभी सरपंचों ने ओडीएफ प्लस मॉडल गांव निर्माण का संकल्प लिया।


