भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिले में तापमान अपने रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। यह मार्च में बीते कुछ सालों में सबसे अधिकतम स्तर है। इसके साथ ही जिले में हीट वेव की स्थिति भी निर्मित हो गई है। बीते दो दिनों में अधिकतम तापमान ने 6 डिग्री की बढ़त दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने तापमान में वृद्धि का दौर जारी रहने की संभावना बताई है। बीते कुछ सालों से आंकड़ों पर नजर डालें तो तापमान का स्तर मार्च में 40 डिग्री के नीचे ही रहा है। लेकिन लंबे समय बाद इस साल तापमान ने 41 डिग्री के स्तर को छू लिया है। यह प्रदेश में तापमान का सबसे अधिक स्तर है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि तापमान में बढ़ोतरी फिलहाल जारी रहेगी। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक रहने की संभावना है। इससे दिन के साथ रात भी गर्म रहेगी। वहीं तापमान 40 डिग्री के पार होते ही जिले में हीट वेव की स्थिति निर्मित हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुष्क बना रहेगा मौसम मौसम विज्ञानी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 5.8 डिग्री की ऊंचाई पर स्थिति है। इसके असर भी पूर्व से आ रही हवा औसतन गर्म हो गई है। इससे मौसम भी शुष्क बना रहेगा। वहीं तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। मौसम विभाग ने मार्च के अंतिम दिनों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना जताई थी। लेकिन इसके पहले ही याने 26 मार्च को तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। सतर्क रहने व हीट वेव से बचने की सलाह दी गई तापमान बढ़ने के साथ ही गर्म हवा भी चल रही है। हीट वेव की वजह से लू का खतरा बढ़ा गया है। इसके देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की भी चेतावनी दी है। तेज धूप में बगैर शरीर को ढंके बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। वहीं लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने और सुपाच्य भोजन करने की सलाह विभाग ने दी है। ताकि गर्मी के दौरान डिहाइड्रेशन की स्थिति निर्मित न हों। इधर गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में कूलर, एसपी की मांग में भी तेजी आई है। लोग गर्मी से परेशान हो रहे हैं।


