स्कूली बच्चों को कराया गया शैक्षणिक भ्रमण, उपायुक्त ने हौसला बढ़ाया

भास्कर न्यूज|गढ़वा व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम अंतर्गत नवाचारी कार्यक्रम पूर्व व्यावसायिक शिक्षा-बस्तारहित दिवस (बैगलेस डे) वर्ष 2024-25 के तहत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के निदेशानुसार राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दलेली के छठीं से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यालय के बच्चों को गढ़वा रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस स्टैंड, समाहरणालय गढ़वा और बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क का भ्रमण किया। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान उपरोक्त सार्वजनिक स्थानों के विषय में जिज्ञासु बच्चों को कई महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराने का कार्य किया गया। विदित हो कि शैक्षणिक भ्रमण या क्षेत्र यात्रा, छात्रों के एक समूह द्वारा नियमित कक्षा के बाहर की गई यात्रा होती है। इसका मकसद छात्रों को वास्तविक दुनिया का अनुभव कराना होता है। इससे छात्रों को कक्षा में पढ़ाए गए विषयों को समझने में मदद मिलती है। छात्रों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलने का मौका मिलता है और छात्रों को शैक्षणिक और व्यक्तिगत कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान स्कूली बच्चों ने समाहरणालय के सभाकक्ष में उपायुक्त शेखर जमुआर से मुलाकात की। उपायुक्त ने बच्चों से संवाद स्थापित करते हुए उनके अध्ययन के बारे में पूछा। साथ ही बच्चों ने अपने शैक्षणिक भ्रमण के दौरान मिले अनुभव को उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी बच्चों को मन लगाकर पढ़ने की बात कही। उन्होंने बताया कि बच्चे देश के भविष्य होते हैं। उन्होंने बच्चों को सफलता पाने के लिए प्रेरित किया व जीवन में आने वाले हर संघर्ष का सामना करने की बात कही। मौके पर स्कूली बच्चों के साथ सहायक अध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापक जगरनाथ राम, शिक्षिका जमीला खातून, शिक्षक युसुफ अंसारी आदि उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *