गिरिडीह |एसपी डॉ. विमल कुमार ने गुरुवार को वीडियो जारी कर जिलेवासियों से अपील की कि ईद, सरहुल, चैती दुर्गा पूजा, चैती छठ, रामनवमी और हनुमान जयंती को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी जाति या धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला संगीत न बजाएं। डीजे पर पहले से प्रतिबंध लागू है। जुलूस के दौरान डीजे का इस्तेमाल न करें। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट न डालें। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कोई ऐसा कंटेंट शेयर न करें, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो। गिरिडीह पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रख रही है। आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। अगर किसी को कोई आपत्तिजनक जानकारी मिले तो तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को सूचित करें। त्योहारों के दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी या थाना प्रभारी को दें। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।


