खूंटी के रीमिक्स फॉल में नहाने के दौरान कोकर के दो सगे भाई डूबे, मौत

सुबह आठ दोस्त कार से गए थे फॉल घूमने मारंगहादा थाना क्षेत्र के रीमिक्स फॉल में शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे डूबने से दो भाइयों की मौत हो गई। वे रांची के अयोध्या पुरी (कोकर) के रहने वाले थे। मृतकों में शुभम कुमार सिंह (16) और राजकुमार सिंह (14) शामिल हैं। पिता संजय कुमार सिंह पेशे से चालक हैं। संजय के दो बेटे ही थे। शुभम कुमार सिंह और राजकुमार सिंह मुहल्ले के अन्य 6 लड़कों के साथ एक कार से रीमिक्स फॉल पहुंचे।
मौज मस्ती करने के बाद सभी नहाने के लिए नदी में उतरे। सबसे छोटा राजकुमार गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख सभी ने बचाने का प्रयास किया। राजकुमार का बड़ा भाई शुभम कुमार सिंह सबसे आगे था। वह छोटे भाई को बचाने के दौरान खुद भी गहरे पानी में चला गया। अन्य दोस्त हो हल्ला मचाने लगे। उनका शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने राजकुमार को तुरंत पानी से निकल लिया। उसकी स्थिति बहुत खराब थी। वह ठीक से सांस नहीं ले पा रहा था। उसे बुंडू के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। लेकिन, उसकी मौत हो गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद शुभम को भी पानी से निकाला गया। तबतक उसकी भी मौत हो चुकी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *