भास्कर न्यूज | जालंधर हादसों का हाईवे के नाम से मशहूर हो रहे जालंधर-भोगपुर रोड पर वीरवार रात करीब 12 बजे एक बार फिर हादसा हो गया। आए दिन यहां खतरनाक हादसे हो रहे हैं और कई लोग गंभीर घायल होते हैं और कई लोग अपनी जान तक गवां बैठते हैं। वीरवार रात तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर अज्ञात वाहन के पीछे टकरा गई। इससे कैंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर बीच में ही फंस गया। लोगों ने सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को 112 पर सूचना दी। उन्होंने मौके पर पहुंच कर सबसे पहले एंबुलेंस बुलाई और ड्राइवर को देखा। एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि ड्राइवर करनैल सिंह बरनाला का रहने वाला है और सामान लेकर पठानकोट की तरफ जा रहा था। ड्राइवर के अनुसार उसके आगे चल रहे हैवी वाहन ने एकदम ब्रेक लगा दी और उसकी गाड़ी पीछे से जा टकराई। हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन (दाएं) ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश करते हुए लोग। एएसआई रणधीर सिंह ने कहा कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। किसी तरह से ड्राइवर को लोहा काट कर बाहर निकाला और उसे एंबुलेंस में काला बकरा के सरकारी अस्पताल में भेजा। ड्राइवर के पैरों व माथे पर चोट आई थी, लेकिन डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि जालंधर से भोगपुर के बीच 25 किलोमीटर की दूरी इतनी ज्यादा खतरनाक हो गई है कि शायद ही कोई दिन होगा, जब एक्सीडेंट नहीं हुआ होगा। मामूली एक्सीडेंट तो आम बात हो गई है। बड़े एक्सीडेंट तो हर दूसरे दिन व हफ्ते में होते रहते हैं।


