भास्कर न्यूज | बालोद बाबा उमाकांत महाराज का सत्संग एवं नामदान कार्यक्रम 20 दिसंबर को दोपहर 12 बजे ग्राम सनौद (पलारी) के बाजार चौक मैदान में रखा गया है। इस कार्यक्रम में बाबा उमाकांत महाराज अपने सत्संग के माध्यम से जीवन के मूल्यों के साथ- साथ सर्व धर्म जाति संप्रदाय के लोगों में आपसी प्रेम, मनुष्य शरीर से देवी देवताओं का साक्षात्कार तथा खुदा का दीदार के बारे सत्संग करेंगे। आध्यात्मिक ज्ञान से जन मानस को सराबोर करेंगे तथा जीव कल्याण का रास्ता जिसे नामदान कहा जाता है वह सर्वोपरि दान देंगे। नामदान के द्वारा ही आत्मा का कल्याण होता है तथा जीव बार बार जन्म लेने तथा मृत्यु प्राप्त करने के चौरासी लाख योनियों के चक्र से छुटकारा पा कर मुक्ति यानी मोक्ष प्राप्त करने योग्य हो जाता है। सत्संग कार्यक्रम में भाग लेकर सभी लोग अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में ले जा सकते हैं। कार्यक्रम में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर चांपा जिले के सत्संगी भाग लेंगे। सत्संग के बाद भंडारा होगा। यह जानकारी बाबा जयगुरुदेव संगत बालोद के मीडिया प्रभारी देवराज शुक्ला ने दी।


