भास्कर न्यूज | प्रतापपुर/ भटगांव शुक्रवार सुबह उस समय हडकंप मच गया, जब प्रतापपुर कप्सारा क्षेत्र की महान-01 बंद खुली खदान में बोरे में बंद एक युवती की सड़ी-गली लाश मिली। लाश को पहले कंबल में लपेटकर उसे एक बोरे में भरकर ट्यूब से बांधा गया था। युवती की शिनाख्त देर शाम पुलिस ने कर ली है। पुलिस ने बताया कि मृतका का नाम संतोषी कश्यप 25 वर्ष है, जो प्रतापपुर इलाके में रहती थी। हालांकि अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या किसने की। पुलिस महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों सहित सोशल मीडिया के जरिए पता करने की कोशिश कर रही थी। बताया गया कि शुक्रवार सुबह एसईसीएल का एक गार्ड इलाके में ड्यूटी दे रहा था, तभी उनकी नजर बंद खदान की पोखरी में पड़ी तो देखा कि पानी के किनारे एक बोरे में कुछ है। जब उसने पास जाकर देखा तो उसे बोरे के भीतर किसी के होने का एहसास हुआ। आशंका पर गार्ड ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बोरी को पोखरी से बाहर निकाला। जैसे ही पुलिस ने बोरी खोली, तभी उसमें सड़ी-गली हुई युवती की लाश मिली। मामले की संदिग्धता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि महिला की लाश चार से पांच दिन पुरानी है, जो पूरी तरह से सड़ चुकी है। लाश से बदबू भी आ रही थी। जांच के दौरान फॉरेंसिक की टीम ने युवती की लाश से बिसरा सुरक्षित रख लिया और मौके पर पंचनामा की कार्रवाई कर पीएम के लिए भटगांव भेज दिया है। पुलिस अंदाजा लगा रही है कि किसी ने हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका होगा। लाश मिलने की सूचना पर वहां लोगों की भीड़ लग गई थी। युवती के दोनों हाथों पर गोदना के निशान हैं। दाएं हाथ पर ओम और स्टार का भी गोदना गोदा हुआ है। इसके अलावा हाथों पर अंग्रेजी के एस जैसे कुछ-कुछ और भी शब्द लिखे हुए हैं। हाथों के सड़ जाने और उसमें फफोले आने के कारण शब्द स्पष्ट नहीं दिख रहा है। बताया गया कि पिछले दो साल में यहां पांच लाशें मिल चुकी हैं, जिससे इलाके के लोग दहशत में हैं। खदान के बंद होने के कारण यह इलाका बदमाशों का डेरा बन चुका है। यहां आने से भी लोग डरते हैं। लाश को देखने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती की हत्या कर यहां लाकर फेंका गया है।


