भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अपने-अपने मैनिफेस्टो जारी किए हैं। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी और शिरोमणि अकाली दल की ओर से मौखिक रूप पर लोगों से वादे किए जा रहे हैं। सभी पार्टी के प्रत्याशी सीवरेज, लाइट और पानी को लेकर वोट मांग रहे है। लेकिन महिलाओं की सुरक्षा, उनके लिए साफ सार्वजनिक शौचालय, सेनेटरी पैड मशीनें, रिजर्व बीआरटीएस बसें और अन्य सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रत्याशी की ओर से बात नहीं की जा रही। दैनिक भास्कर की ओर से लगातार महिलाओं की आवाज को उठाया गया। महिलाओं की ओर से सिटी में महिलाओं के िलए बीआरटीएस बसें शुरू करने, ट्रैफिक समस्या से निजात देने, महिला सुरक्षा समेत अन्य मांगे उठाई गई। भारतीय जनता पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो में गुमटाला बाईपास नाला, नगर निगम टैक्सों में सुधार, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन, मैट्रो प्रोजेक्ट, स्ट्रीट लाइट, ट्रांसपोर्ट, सड़क सुरक्षा के साथ 15 वादे किए, इसी प्रकार आम आदमी पार्टी ने भी शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने, सीवरेज के लिए 100 करोड़ की लागत से एसटीपी प्लांट लगाने, सभी को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करने और गरीबों को किफायती दाम पर आवास उपलब्ध कराने सहित कई बड़े वादे किए हैं। महिलाओं का कहना है कि घरों के आसपास कूड़ा, सीवरेज ब्लॉकेज की समस्या के साथ कुछ भी हो उसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ता है।


