भास्कर न्यूज | अमृतसर पाकिस्तान में कटास राज के दर्शनों को वीरवार सुबह दुर्ग्याणा तीर्थ से 71 यात्रियों का जत्था अटारी बाघा के रास्ते रवाना हुआ। जमशेदपुर टाटा के शिव शक्ति परिवार के प्रधान विजय कुमार की अध्यक्षता में रवाना हुआ जत्था अपने साथ मंदिर में चढ़ाने को पीतल का त्रिशूल, नाग, शंख, ज्योति कलश, जलधारा, घंटी समेत पूजा सामग्री लेकर गया। देश के अलग-अलग राज्यों से पाकिस्तान रवाना हुए जत्थे के यात्री बुधवार देर रात दुर्ग्याणा तीर्थ पहुंचे। यहां कमेटी की तरफ से उनके ठहरने, लंगर और नाश्ते का सारा इंतजाम किया। सुबह होते ही सभी यात्रियों ने दुर्ग्याणा के मुख्य श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, बड़ा श्रीहनुमान मंदिर, शीतला माता मंदिर समेत अन्य मंदिरों के दर्शन दीदार किए। जहां मंदिर के पुजारियों ने उन्हें भगवान के आशीर्वाद के रूप में प्रसाद भेंट किया। यह जत्था अपनी सारी औपचारिकता पूरी करने के बाद दोपहर अटारी बाघा के रास्ते पाकिस्तान रवाना हो गया। इससे पहले प्रधान विजय ने कहा कि पिछली बार जब वह पाक मंदिर में गए थे तो वहां उन्हें मंदिर के काफी सामान की कमी पाई थी। उसी सामान को लेकर यात्री भगवान को अर्पित करने गए हैं। उन्होंने कहा कि 19 से 24 दिसंबर तक सभी श्रद्धालु पाक स्थित लवकुश, श्री राधा कृष्ण समेत कटास राज मंदिरों के दर्शन दीदार करके 25 दिसंबर को भारत लौटेंगे। उन्होंने कहा कि शिव शक्ति परिवार की तरफ से कटास राज जाने वाले 105 श्रद्धालुओं ने अपना वीजा अप्लाई किया था, जिसमें 71 लोगों को वीजा मिला है। जबकि 34 में से 25 यात्री ऐसे थे जिनके परिवारों के किसी न किसी सदस्यों को वीजा नहीं मिला तो वह पाक कटास राज नहीं जा रहे। जिसके बाद वह यात्री वापस घरों को लौट गए।


