भास्कर न्यूज | अमृतसर युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम के तहत स्पेशल डीजीपी रेलवे शशि प्रभा द्विवेदी ने छेहर्टा के इलाके गुरु की वडाली में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें करीब 300 पुलिस जवानों ने हिस्सा लिया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसीपी शिवदर्शन और थाना छेहर्टा एसएचओ विनोद शर्मा भी शामिल थे। सर्च के दौरान द्विवेदी ने इलाके के लोगों से बात की और समस्याओं को सुनते हुए तुरंत हल करने का निर्देश पुलिस को दिया। इसी बीच उन्होंने छोटे बच्चों से भी बात की और उन्हें गलत काम की ओर न जाने के बारे समझाते हुए पढ़ाई की ओर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा गुरु के वडाली के रहने वाले एक व्यक्ति ने नशा बेचने वाले के बारे में स्पेशल डीजीपी को बताया। जिसके बाद उन्होंने तुरंत एसीपी व थाना एसएचओ को जांच कर उस नशा बेचने वाले पर कार्रवाई करने के लिए कहा। द्विवेदी ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


