भास्कर न्यूज | सुकमा नक्सलगढ़ कहे जाने वाले जगरगुंडा में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव एवं जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन के सकारात्मक प्रयासों से बैंक का नया ब्रांच स्थापित किया जा रहा है। शुक्रवार को संपूर्ण विधि-विधान से पूजा अर्चना कर इंडियन ओवरसीज़ बैंक के नए ब्रांच का शुभारंभ किया गया। जगरगुंडा में बैंक ब्रांच खुल जाने से शासकीय योजनाओं की राशि के लिए दूर जाना नहीं पड़ेगा। उन्हें जगरगुंडा में ही पैसा जमा और निकासी के साथ सभी प्रकार की बैंकिंग सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। पूर्व में जगरगुंडा और आसपास के ग्रामीणों को बैंकिंग संबंधी कामों के लिए चिंतलनार और दोरनापाल पर आश्रित रहना पड़ता था जो जगरगुंडा से काफ़ी दूर स्थित हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्हें बैंक आने जाने में सुबह से शाम हो जाती थी और ऊपर से उनका खर्चा भी बढ़ जाता था। ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर और जिला सीईओ ने तत्काल जगरगुंडा में बैंक ब्रांच खोलने का निर्णय लिया। 2 अप्रैल से जगरगुंडा बैंक में सभी बैंकिंग कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।


