रांची | पंडरा में रवि स्टील के पास जूते की दुकान में हुई आजसू नेता सह कारोबारी भूपल साव की हत्या के बाद आरोपी भागकर बिहार के आरा स्थित अपने नाना-नानी घर पहुंचा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने नाना-नानी के घर पहुंचा ही था कि पुलिस भी वहां पहुंच गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ऐन वक्त पर आरोपी को भनक लग गई, जिसके बाद वहां से भी वह फरार हो गया। काफी देर तक खोजबीन करने पर भी पुलिस को जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद टीम को खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा। फिलहाल पुलिस टेक्निकल सेल के माध्यम से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। मालूम हो कि गुरुवार की देर शाम एक युवक ने रवि स्टील स्थित जूते की दुकान में घुसकर संचालक सह आजसू नेता भूपल साव की गर्दन रेतकर हत्या कर दी थी।


