यूथ कांग्रेस ने बुधवार को एक सकारात्मक पहल की। युवाओं के इस संगठन ने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में रोजगार मेला लगाया। यूथ कांग्रेस ने इसके लिए लंबी तैयारी की। देश की 170 से अधिक कंपनियों को आमंत्रित किया। बेरोजगारों से आह्वान किया कि वे इसमें रजिस्ट्रेशन कराएं। दावा किया गया कि इसमें 4000 से अधिक जॉब चाहने वालों ने रजिस्ट्रेशन कराया। आयोजकों का दावा यह भी है कि इनमें से कंपनियों ने 1300 से अधिक को ऑन द स्पॉट जॉब लेटर भी सौंप दिए। यहां पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा था। वे पूरी तैयारी के साथ इंटरव्यू के लिए आए, ऐसा दिखा भी। कंपनियों के लिए अलग-अलग ब्लॉक्स बनाकर इंटरव्यू की व्यवस्था की गई थी। रोजगार मेले में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी पहुंचे। यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु पूनियां, प्रदेश उपाध्यक्ष सतवीर चौधरी, विधायक मुकेश भाकर सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी का स्वागत किया। यूथ कांग्रेस कई दिन से इस मेले के लिए तैयारी कर रही थी। गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारों को सिर्फ सपने दिखाती है। हमारी कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का काम किया है। यह रोजगार मेला इस बात का सबूत है कि हम सिर्फ बातें नहीं, बल्कि काम करके दिखाते हैं। चिब ने कहा- देश में बेरोजगारी चरम पर है। केंद्र सरकार चुप है। हम हर स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा- आज का युवा सिर्फ वादे नहीं, परिणाम चाहता है। कार्यक्रम संयोजक सतवीर ने कहा- युवा कांग्रेस सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि उज्ज्वल भविष्य के लिए भी कार्य कर रहे हैं। मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, ऊर्जा, वित्तीय, ऑटोमोबाइल, हैल्थ से जुड़ी कंपनियां शामिल हुईं मेले में ऊर्जा,मैन्युफैक्चरिंग,, बैंकिंग, वित्तीय, हैल्थ, ऑटोमोबाइल सहित एमएसएमई की कंपनियों के प्रतिनिधि प्लेसमेंट के लिए यहां आए। इनमें एचडीएफसी बैंक, डी-मार्ट, रिलायंस, एमआरएफ, टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा, फ्लिपकार्ट, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी समूह जैसी कंपनियां शामिल थीं। यूथ कांग्रेस का दावा है कि कंपनियों ने युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार इंटरव्यू किए और जॉब ऑफर की।


