भास्कर न्यूज | कुम्दा ग्राम पंचायत केशवनगर में चल रहे स्टोन क्रशर और डामर प्लांट से किसान परेशान हैं। क्रशर से उड़ने वाली धूल खेतों को बंजर बना रही है। किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने सूरजपुर कलेक्टर से शिकायत की। कलेक्टर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। किसानों ने बताया कि क्रशर और डामर प्लांट कृषि और आवासीय भूमि पर चल रहा है। पास में नदी भी है। पहले इसी नदी के पानी से दो बार खेती होती थी। अब डामर प्लांट से उड़ती धूल के कारण खेती प्रभावित हो रही है। खेतों की उपजाऊ मिट्टी खत्म हो रही है। आसपास की जमीन भी बंजर हो रही है। किसानों ने कहा कि क्रशर से पर्यावरण भी दूषित हो रहा है। जहरीले धुएं से सांस की तकलीफ, खांसी जैसी बीमारियां फैल रही हैं। प्लांट संचालक जबरन खेतों में गिट्टी और रेत का भंडारण कर रहे हैं। इससे फसलें नष्ट हो रही हैं। किसानों ने मांग की कि खेतों से अवैध भंडारण हटाया जाए। नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिया जाए। साथ ही क्रशर और डामर प्लांट को औद्योगिक क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए। कलेक्टर ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।


