भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में सीलिंग के बावजूद अवैध निर्माण अफसरों की मिलीभगत से शुरू कराए जाने की शिकायत मेयर जतिंदर मोती भाटिया को मिल रही थी। इसके बाद एक्शन मोड पर आते हुए मेयर ने कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सीधी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। मेयर ने कहा कि कार्रवाई दिखावे वाली नहीं ठोस होनी चाहिए। यदि सील बिल्डिंग-होटल या अन्य प्रॉपर्टी में निर्माण शुरू कराया गया तो संबंधित विभाग के हैड जिम्मेदार होंगे। उन्होंने एमटीपी नरिंदर शर्मा, मेहरबान सिंह व अन्य अफसरों से हिदायत दी है कि अवैध निर्माण पर निगरानी रखें। कोई भी शिकायतें मिलीं तो तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई करें। जरूरत हो तो खुद भी मौके पर पहुंचना सुनिश्चित करें। अवैध निर्माण किए जाने या जिनको सील किया गया और तोड़ने के बाद दोबारा से काम शुरू करवाया तो मालिक के खिलाफ संबंधित थाने में शिकायत देकर एफआईआर कराएंगे। साथ ही क्या कार्रवाई की गई इसकी रिपोर्ट भी मेयर को देनी होगी। यदि एमटीपी विभाग के किसी भी अफसर-कर्मी की मिलीभगत गड़बड़ियों में पाई गई तो इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे। निगम कमिश्नर को सख्त विभागीय एक्शन के लिए लिखा जाएगा। मेयर ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण या नए जो भी बनाए जा रहे उनके बारे समय-समय पर रिव्यू मीटिंग करेंगे।


