भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब के पूर्व डिप्टी स्पीकर प्रो. दरबारी लाल ने श्री दुर्ग्याणा कमेटी के बजट पर फैले भ्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि आखिर इस बजटीय दाल में कुछ तो काला है। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल को खबर आई थीं कि अनुमानित बजट पास कर दिया गया है परंतु दो अप्रैल को एक नयी खबर ने सनसनी फैला दी जिसमें कमेटी की अध्यक्ष ने यह घोषणा कर दी कि बजट अभी पास नहीं हुआ। इन दोनों में से लोग किस पर विश्वास करें। कमेटी ने न ही आमदनी, न ही खर्च और न ही बजट की राशि का कोई व्योरा दिया है और न ही अपने कार्यकाल में मंदिर के विकास के बारे में कुछ कहा है। यह शहर की एक प्रसिद्ध धार्मिक संस्था है न कि किसी परिवार का बजट है। बजट पुरी तरह पारदर्शी, विकासोन्मुखी और लोक हितैषी होना चाहिए। प्रो. लाल ने कहा कि कुछ महीने पहले कमेटी की अध्यक्ष ने एक लिखित पत्र में अपने ही कमेटी के पदाधिकारी को 6 लाख के गबन की जांच पड़ताल करने के लिए लिखा था। परन्तु कुछ दिनों के बाद ही इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इस मामले पर शहरवासियों को पूरी तरह अंधेरे में रखा गया। उन्होंने कहा है कि श्री दुर्ग्याणा कमेटी के सदस्यों में बढ़ रहे मतभेदों से स्पष्ट होता है कि कमेटी दो हिस्सों में बंटी हुई है।


